लखनऊ। लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड एक्सप्रेसवे पर रोडवेज की नॉनस्टॉप बसें चलाई जाएंगी। ये करीब एक घंटे में सफर पूरा करेंगी। अफसरों को रूट का सर्वे कर रिपोर्ट बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इस रूट पर ई बसों को भी चलाया जाएगा।
63 किमी लंबे छह लेन के एक्सप्रेसवे का उद्घाटन 13 जुलाई को है। रोडवेज प्रशासन से लखनऊ-कानपुर एलिवेटेड रोड पर सर्वे रिपोर्ट मांगी है। टीआई सुशील कुमार ने बताया कि अभी एक्सप्रेसवे बंद है। उद्घाटन के बाद सर्वे कर रिपोर्ट दी जाएगी। इसमें दूरी के हिसाब से टोल सहित किराया तय किया जाएगा। 20 जुलाई से बसों की सुविधा मिलने की उम्मीद है।
नॉनस्टॉप बसें चलने से लखनऊ से कानपुर पहुंचना और आसान हो जाएगा। अभी सड़क मार्ग से कानपुर पहुंचने में दो घंटे लगते हैं। नए एलिवेटेड रूट पर नॉनस्टॉप बसें बिना किसी बाधा के 80 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकेंगी। साधारण, एसी और ई बसों का किराया अलग-अलग होगा।
छह डबलडेकर बसें भी चलेंगी
एक्सप्रेसवे पर रोडवेज की 50 साधारण, 20 इलेक्ट्रिक और छह ई डबलडेकर बसें चलाने की तैयारी है। क्षेत्रीय प्रबंधक विमल राजन ने बताया कि मुख्यालय के निर्देश पर सर्वे करवाकर रिपोर्ट दी जाएगी। बसों की समयसारिणी व किराया जल्द ही तय कर तीन श्रेणियों की बसों को चलाया जाएगा।