उत्तर प्रदेश में दूसरे चरण की नगीना, मुरादाबाद, रामपुर, संभल, अमरोहा, बदायूं, आंवला, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और खीरी की 11 लोकसभा सीटों के लिए बुधवार को अधिसूचना जारी होते ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई।
पहले दिन बरेली सीट से बसपा के उमेश गौतम और रामपुर में इंडियन मुस्लिम लीग के शिफत अली खान ने पर्चा भरा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी उमेश सिन्हा ने बताया कि 26 मार्च तक नामांकन किए जा सकेंगे और 29 मार्च तक इसे वापस लिया जा सकेगा।
दूसरे चरण का मतदान 17 अप्रैल को होगा। वहीं, पहले चरण की 10 सीटों के लिए तीसरे दिन आठ उम्मीदवारों ने अपने पर्चे भरे हैं।
सिन्हा ने बताया कि नामांकन दाखिल करने वाले स्थल के 100 मीटर के अंदर तीन वाहन ही लाए जा सकेंगे और कक्ष के अंदर उम्मीदवार समेत केवल पांच लोग ही जा सकेंगे।
राष्ट्रीय व राज्य स्तरीय दल के उम्मीदवार के लिए एक और गैर मान्यता प्राप्त पंजीकृत दलों एवं निर्दलीय उम्मीदवारों को 10 प्रस्तावक लाने होंगे।
एक प्रत्याशी अधिकतम चार सेट में पर्चा दाखिल कर सकता है।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर से आप के उम्मीदवार योगेश कुमार व राष्ट्रीय उलेमा काउंसिल के राशिद खान, मुजफ्फरनगर से बसपा के कादिर राणा व निर्दल गुफरान अहमद ने पर्चा भरा।
मेरठ में निर्दल मुकेश कुमार, गाजियाबाद में बसपा के मुकुल उपाध्याय, गौतमबुद्धनगर में निर्दल सुमीति व बुलंदशहर से सपा के कमलेश ने पर्चा भरा है।