लखनऊ। नोएडा ब्लास्टर्स ने यूपी प्रो हैंडबॉल लीग में रविवार को बड़ा उलटफेर करते हुए होड़ को रोमांचक बना दिया। टीम ने अब तक अजेय चल रही काशी किंग्स को 36-24 के अंतर से शिकस्त दी। दिन के अन्य मुकाबलों में गोरखपुर राउडीज ने तीसरी जीत दर्ज की, जबकि मथुरा ब्रज स्टार्स ने गाजियाबाद को हराकर जीत की राह पर वापसी की।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में काशी के खिलाफ नोएडा के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक तालमेल दिखाया। टीम की जीत में तौसिफ ने सर्वाधिक आठ गोल किए, जबकि जगमीत ने सात और मिंटू व मनकेश ने छह-छह गोल किए। काशी की ओर से मोहित ने छह और विमलेश व विपुल ने पांच-पांच गोल किए। मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर नोएडा के ध्रुव जाधव चुने गए। वहीं गोरखपुर राउडीज ने बर्बरीक वॉरियर्स को 29-18 से पराजित किया।
टीम से किशन ने सबसे ज्यादा नौ गोल किए। उन्हें मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला। बर्बरीक वॉरियर्स से आमिर व अंशू ने चार-चार गोल दागे। लीग के तीसरे मैच में मथुरा ब्रजस्टार्स ने गाजियाबाद पैंथर्स को 29-18 से हराकर दूसरी जीत हासिल की। मथुरा की जीत में निहाल सिंह ने आठ गोल किए। उनका साथ देते हुए शिवा व रवि ने सात-सात गोल करने में सफलता हासिल की। प्रदीप को मोस्ट वैल्यूबल प्लेयर का पुरस्कार मिला।