राज्य सरकार ने धान खरीद पर नजर रखने के लिए नोडल अधिकारियों की तैनाती कर दी है। ये अधिकारी हर हफ्ते अपने संभागों व जिलों में धान खरीद केंद्रों का निरीक्षण कर शासन को रिपोर्ट सौंपेंगे। इस संबंध में खाद्य एवं रसद विभाग की प्रमुख सचिव वीना कुमारी ने आदेश जारी कर दिए हैं।
अपर आयुक्त खाद्य एवं रसद अनिल कुमार को लखनऊ संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। विभाग के विशेष सचिव अखंड प्रताप सिंह को मुरादाबाद, संतोष कुमार सक्सेना को बरेली, सुनील कुमार वर्मा को अयोध्या, ओपी वर्मा को देवीपाटन, यूपी एग्रो के प्रबंध निदेशक शेषनाथ को बस्ती, पीसीएफ के एमडी मासूम अली सरवर को कानपुर और पीसीएफ के कार्यकारी निदेशक आलोक दीक्षित को गोरखपुर की जिम्मेदारी दी गई है।
पीसीयू के एमडी मनोज द्विवेदी को वाराणसी, यूपीएसएस के एमडी राजीव यादव को मिर्जापुर, अपर निबंधक आयुक्त व निबंधक कार्यालय कृपा शंकर को प्रयागराज, विभागीय वित्त नियंत्रक विनोद कुमार को आजमगढ़, एसडब्ल्यूसी के एमडी श्रीकांत गोस्वामी को मेरठ, आगरा व अलीगढ़ तथा संभागीय खाद्य विपणन अधिकारी प्रदीप कुमार कुशवाहा को चित्रकूट व झांसी संभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
धान खरीद केंद्रों पर अधिकारियों को यह देखना होगा कि किसानों को धान में बेचने में परेशानी तो नहीं हो रही है। उनका भुगतान समय पर हो रहा है या नहीं। इसी तरह खरीद केंद्र से धान मिलों तक पहुंच रहा है या नहीं। इस तरह के कुल 22 बिंदु तय किए गए हैं। नोडल अधिकारियों को इन्हीं बिंदुओं के आधार पर रिपोर्ट तैयार करनी होगी। वे मंडलायुक्त और जिलाधिकारियों को भी वस्तुस्थिति से अवगत कराएंगे।