लखनऊ। रोडवेज की इलेक्ट्रिक एसी डबलडेकर बसों को सड़कों पर उतारने के लिए पीडब्ल्यूडी, यातायात, वन, एनएचएआई, बिजली विभाग से एनओसी मांगी गई है। पहले चरण में लखनऊ से बाराबंकी के बीच डबलडेकर बसें चलाई जाएंगी।
दरअसल, गत वर्ष नगरीय परिवहन की ओर से प्रदेश की पहली एसी डबलडेकर सिटी बस का संचालन किया गया था। बस कमता से एयरपोर्ट तक वाया शहीद पथ चलाई जा रही है। अब परिवहन निगम (रोडवेज) की ओर से इलेक्ट्रिक एसी डबलडेकर बसों को चलाने का खाका तैयार किया गया है।
कानपुर की रोडवेज कार्यशाला में बस को तैयार किया गया है। ये बसें लखनऊ आ चुकी हैं। एक बार चार्ज होने पर बस डेढ़ सौ से दो सौ किमी तक चल सकेगी। पहले चरण में बस लखनऊ से बाराबंकी चलेगी। 20 बसें रोडवेज लखनऊ परिक्षेत्र को मिलेंगी।
बसों के संचालन के लिए लखनऊ परिक्षेत्र प्रशासन की ओर से अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) मांगी गई है। रोडवेज विभाग से जुड़े सूत्र बताते हैं कि अफसर महाकुंभ में फ्री हुए हैं। अब डबलडेकर बसों के संचालन पर नजर है। मार्च में ही बस सड़क पर उतारने की तैयारी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से हरी झंडी दिखाने की योजना है।