पहली मोहर्रम के जुलूस के मद्देनजर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था व ट्रैफिक डायवर्जन के दौरान पुलिस अफसरों की चूक का खामियाजा चौक की लाजपतनगर कॉलोनी के लोगों को भुगतना पड़ा।
डॉयवर्जन के चलते कॉलोनी के सभी रास्ते बंद हो गए। ऐसे में ऑफिस से लौटे लोगों के प्रदर्शन पर पुलिस ने रास्ता खुलवाया।
पहली मोहर्रम के जुलूस के चलते पुराने शहर के विभिन्न स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया था।
इसमें कोनेश्वर से घंटाघर जाने वाले मार्ग व नींबू पार्क के सामने के रास्ते पर जाने में पाबंदी लगाई गई थी।
बैरीकेडिंग के साथ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाकर ट्रैफिक रोका गया। इसके चलते लाजपतनगर कॉलोनी के रास्ते बंद हो गए।
देरशाम ऑफिस या व्यवसायिक प्रतिष्ठान बंद कर लौटे लाजपतनगर कॉलोनी के लोगों को कोनेश्वर तिराहे पर पर रोक दिया गया।
इन लोगों न ड्यूटी पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों को अपनी व्यथा सुनाकर घर जाने की इजाजत मांगी।
पुलिसकर्मी जुलूस खत्म होने तक रास्ता बंद रखने की जिद पर अड़ गए। आखिरकार तिराहे पर खड़े लोगों ने अपने घरों को फोन किया।
थोड़ी देर में लाजपतनगर कॉलोनी के दर्जनों लोग कोनेश्वर तिराहे पर एकत्र हो गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया।
जाम व प्रदर्शन की खबर पर उच्चाधिकारी हरकत में आए चौकी इंचार्ज राजेश राय को मौके पर भेजा। समस्या सुनकर चौकी इंचार्ज ने भीड़ को शांत कराने के साथ लाजपतनगर कॉलोनी का रास्ता खुलवाया।