प्रदेश के पॉलीटेक्निक संस्थानों में दाखिले के लिए होने वाली काउंसलिंग प्रक्रिया इस बार पूरी तरह ऑनलाइन होगी। कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर यह फैसला किया गया है। प्रवेश परीक्षा परिषद के सचिव एसके वैश्य ने बताया कि इस बार स्पॉट काउंसलिंग और सेंट्रलाइज्ड स्पॉट काउंसलिंग नहीं होगी।
छात्र घर बैठे या साइबर कैफे से ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल हो सकेंगे। बाद में संस्थान में जाकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी की जा सकेगी। पहले संस्थाओं का शिक्षण शुल्क नकद व बैंक ड्राफ्ट के जरिए जमा किया जाता था। इस बार छात्र अपने लॉगिन में उपलब्ध लिंक के माध्यम से सीधे प्रवेशित संस्था के खाते में ऑनलाइन फीस जमा कर सकेंगे।
पांच की जगह होंगे आठ चरण
इस बार काउंसलिंग पांच के बजाय आठ चरणों में होगी। पहले पांच चरण तक की काउंसलिंग में केवल प्रवेश परीक्षा में बैठे छात्र ही हिस्सा ले सकेंगे। इन्हें राजकीय पॉलीटेक्निक में दाखिला दिया जाएगा। छठे, सातवें और आठवें चरण की काउंसलिंग में ऐसे छात्र हिस्सा ले सकेंगे जो प्रवेश परीक्षा में नहीं बैठे। ऐसे छात्रों को निजी और सहायता प्राप्त पॉलीटेक्निक की खाली सीटों पर दाखिला दिया जाएगा।