निजी कोविड अस्पतालों में ऑक्सीजन का संकट थम नहीं रहा है। बुधवार को टेंडर पॉम कोविड अस्पताल में ऑक्सीजन खत्म हो जाने से भर्ती महिला की मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने हंगामा काटा। वहीं, हड़कंप मचा तो अस्पताल प्रशासन ने ऑक्सीजन की व्यवस्था करने के बजाय मरीजों को दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए पत्र थमा दिया। इस पर तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस ने लोगों को शांत कराया।
जिला प्रशासन ने टेंडर पॉम हॉस्पिटल को कोविड अस्पताल में तब्दील किया था। यहां 30 बेड पर कोविड मरीज भर्ती थे। बताया जा रहा है कि जिला प्रशासन के अधिकारियों से कई बार मांगने पर भी अस्पताल को मांग के अनुरूप ऑक्सीजन नहीं मिली। इससे बुधवार दोपहर अस्पताल में ऑक्सीजन का संकट गहरा गया।
इस दौरान मरीज रेखा सिंह की ऑक्सीजन के अभाव में मौत हो गई। इसे लेकर तीमारदारों ने हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने अन्य मरीजों की जान बचाने के लिए उन्हें दूसरे अस्पताल ले जाने के लिए तीमारदारों को पत्र थमाना शुरू किया। देर शाम तक ऑक्सीजन न पहुंची तो अस्पताल प्रशासन ने इलाज से हाथ खड़े कर दिए।
उधर, तीमारदारों ने मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाने से मना कर दिया। इसे लेकर हंगामा होने लगा। पुलिस ने मामला शांत कराया। इसके बाद छह से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर मिलने पर मरीजों का इलाज दोबारा शुरू हो सका। मामले में अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए उनके नंबर पर कई बार कॉल की गई, लेकिन फोन नहीं उठा।