जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने के लिए नगर निगम ऑफिस तक दौड़ लगाने का
झंझट समाप्त होने वाला है।
ऑनलाइन जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने की
दिशा में काम तेज हो गया है। इसके लिए नगर निगम अब शहर के अस्पतालों और
नर्सिंग होम को ऑनलाइन कनेक्ट करने का काम शुरू करने जा रहा है।
इसके बाद
प्रमाणपत्र के लिए अस्पताल से रिपोर्ट लाने की जरूरत नहीं रहेगी। इसे लेकर
ही बृहस्पतिवार को नगर निगम ने शहर के नर्सिंग होम व अस्पताल संचालकों की
विशेष बैठक बुलाई है, जिसमें ऑनलाइन प्रमाणपत्र जारी करने की व्यवस्था शुरू
करने पर चर्चा की जाएगी।
इसके बाद जरूरी काम पूरे कर व्यवस्था शुरू की
जाएगी। ऑनलाइन सिस्टम लागू करने की
जिम्मेदारी अपर नगर आयुक्त पीके श्रीवास्तव को सौंपी गई है।
उनका मानना है
कि नई व्यवस्था शुरू होने के बाद जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र बनवाने वालों को
काफी सहूलियत होगी। अभी रिपोर्ट लगवाने के नाम पर लोग काफी परेशान होते
हैं। इसके बाद रिपोर्ट लगवाने का झंझट ही नहीं होगा।
जब अस्पताल और नर्सिंग
होम नगर निगम से सीधे ऑनलाइन कनेक्ट होंगे तो बीच में किसी की जरूरत नहीं
होगी। जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी करने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी
अधिकृत हैं।
उनके डिजीटल सिग्नेचर बनवा लिए गए हैं। यही सिग्नेचर ऑनलाइन
सिस्टम से जारी होने वाले प्रमाणपत्र पर दर्ज किए जाएंगे।
प्रमाणपत्र जारी
करने के लिए शासन के निर्देश पर एनआईसी ने सॉफ्टवेयर भी तैयार कर लिया है।
हालांकि अभी यह तय नहीं है कि आवेदक को प्रमाणपत्र नगर निगम या अस्पताल से
मिलेगा। इसे लेकर जल्द निदेशक, स्थानीय निकाय से निर्देश प्राप्त किए
जाएंगे।