उत्तर प्रदेश अभी कोरोना वायरस के सामुदायिक संक्रमण से बचा हुआ है। स्वास्थ्य विभाग के बीते एक महीने से अधिक समय से विभिन्न वर्गों के लोगों के रैंडम नमूने इकठ्ठे करके जांच करने के अभियान में यह खुलासा हुआ है।
हॉकर्स, वेंडर, दुकानदारों, डिलीवरी मैन, मेडिकल स्टोर संचालकों, सब्जी व फल विक्रेताओं के नमूने इस दौरान लिए गए। अधिकतर वर्ग में एक फीसदी या उससे कम लोगों में ही कोरोना का संक्रमण पाया गया है।
प्रदेश में समुदाय में कोरोना संक्रमण के प्रसार का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने 311 शहरी झुग्गी-झोपड़ी में रहने वालों के रैंडम नमूने लिए थे। कुल 4160 सैंपल की जांच में 75 नमूने पॉजिटिव पाए गए और 4085 निगेटिव मिले।
इस रैंडम अभियान में आंबेडकर नगर, संत कबीर नगर, शामली, मुजफ्फर नगर, सुल्तानपुर, वाराणसी, मुरादाबाद, मथुरा, श्रावस्ती, अलीगढ़, औरैया, बदायूं, बलिया, एटा, फिरोजाबाद, गाजीपुर, जालौन, कानपुर नगर, मेरठ और गौतम बुद्ध नगर के 30 शहरी झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में कोरोना संक्रमण मिला था।