यूपी बोर्ड परीक्षा में केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरा लगाने का फैसला ठंडे बस्ते में चला गया है। परीक्षा से तीन महीने पहले प्रमुख सचिव माध्यमिक को हटाए जाने के बाद अब नए प्रमुख सचिव के सामने उनकी घोषणा को पूरी कर पाना संभव नहीं दिख रहा है।
मंगलवार को लखनऊ में नए प्रमुख सचिव माध्यमिक जितेंद्र कुमार की ओर से बुलाई गई बैठक में सीसीटीवी सहित परीक्षा में सुधार के लिए किसी भी मु्द्दे पर चर्चा ही नहीं हुई।
यूपी बोर्ड परीक्षा में वित्तविहीन स्कूलों को केंद्र नहीं बनाने और सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों को केंद्र बनाने की घोषणा और उनकी निगरानी के लिए वरिष्ठ शिक्षाधिकारियों को लगा दिए जाने के बाद नकल माफिया की परेशानी बढ़ गई थी।
परीक्षा केंद्रों एवं हर कमरे में सीसीटीवी कैमरा लगाने की घोषणा के बाद केंद्र व्यवस्थापकों एवं प्रबंधकों में खलबली मची हुई थी।