राजधानी डेंगू की चपेट में है। ऐसे हालात में भी प्रशासन को मरीजों के लिए
सबसे जरूरी ब्लड की कद्र नहीं है। शहर का अकेला सेटेलाइट ब्लड बैंक महीनों
से धूल फांक रहा है।
दरअसल, राजाजीपुरम स्थित रानी लक्ष्मी बाई अस्पताल में पिछले छह महीने से सेटेलाइट ब्लड यूनिट खराब पड़ी है। न कोई देखने वाला है, न ही कोई पड़ताल करने वाला।
यह हाल तब हैं, जबकि यह राजधानी की पहली सेटेलाइट यूनिट है। सूत्रों के मुताबिक अस्पताल को फ्रीजर न मिलने की वजह से यहां ब्लड बैंक का काम ठप पड़ा हुआ है।
अस्पताल के सीएमएस डॉ. वी के शुक्ला ने बताया कि वह निदेशालय को पिछले छह महीनों में तीन से चार बार लिखित शिकायत कर चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई पहल नहीं हुई।
इस यूनिट के काम न करने पर आस-पास से आ रहे मरीजों को खासा दिक्कत हो रही है। लोगों को सिविल, बलरामपुर अस्पताल और केजीएमयू के चक्कर काटने पड़ रहे हैं।
सोचने वाली बात यह है इस यूनिट का इस्तेमाल मेडिकल कॉलेज के मदर ब्लड बैंक के तौर पर होना था।