फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

'19 मई को PM पद की शपथ लेंगे मोदी'

Tue, 29 Apr 2014 01:37 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
भाजपा के पूर्व अध्यक्ष नितिन गडकरी ने बताया कि भाजपा स्पष्ट बहुमत प्राप्त करने जा रही है। चुनाव में पार्टी को 275 से अधिक सीटें मिलने वाली हैं। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनना सुनिश्चित हो चुका है।
विज्ञापन


नरेंद्र मोदी 19 मई को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। गडकरी सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा, राजनाथ सिंह अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को लेकर चुनाव लड़ रहे है।

अटल की तरह ही वह भी लखनऊ के लोगों की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में सरकार बनने पर भाजपा जाति-धर्म और भाषा के आधार पर किसी से कोई भेदभाव नहीं करेगी।
विज्ञापन


भाजपा विकास की योजनाओं को तेज करेगी। अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करेगी। इस अवसर पर नागपुर की डिप्टी मेयर जैनुल अफसां खां, राजस्थान सरकार के मंत्री युनुस खां तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष लक्ष्मीकांत वाजपेयी भी मौजूद थे।

गडकरी ने कांग्रेस को दी खुली चुनौती

भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने कांग्रेस को खुली चुनौती दी है। उन्होने कहा कि सोनिया भाजपा के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर तो करे।

गडकरी ने रॉबर्ट वाड्रा मामले में कांग्रेस को भाजपा पर मानहानि का मुकदमा दायर करने की चुनौती दी है।

उन्होंने कहा कि सोनिया को लगता है कि उनके दामाद रॉबर्ट वाड्रा निर्दोष हैं और भाजपा के आरोप बेबुनियाद हैं तो उन्हें भाजपा पर मानहानि का मुकदमा करना चाहिए।

गडकरी ने कहा कि यूपीए सरकार में महंगाई में जबर्दस्त बढ़ोतरी हुई है। मुद्रास्फीति 18 प्रतिशत बढ़ी है। उन्होंने घोषणा की कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र में सरकार बनने के छह महीने के भीतर 25 प्रतिशत महंगाई घटाकर दिखा दी जाएगी।

यूपी को 24 घंटे बिजली

नितिन गडकरी ने सपा, बसपा और कांग्रेस को घोर जातिवादी और सांप्रदायिक बताया। गडकरी सोमवार को यहां भाजपा मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

गडकरी ने कहा कि कांग्रेस ने दस साल के शासन में देश की दशा खराब कर दी है। कृषि विकास दर घटकर मात्र 4 प्रतिशत रह गई है।

देश में संसाधनों की कमी नहीं है, पर सरकार में संसाधनों को इस्तेमाल करके लोगों को राहत देने इच्छाशक्ति ही नहीं है।

केंद्र में भाजपा की सरकार बनी तो उत्तर प्रदेश को 24 घंटे बिजली मिलने लगेगी।
विज्ञापन

राहुल, सोनिया पर हमला

गडकरी ने कहा कि अमेठी का हाल बुरा है। बिजली तो मिलती ही नहीं। कांग्रेस, सपा और बसपा ने विकास को जातिवाद व संप्रदायवाद में उलझा दिया।

यही वजह है कि इनमें से कोई दल अपनी सरकार के कामकाज बताकर वोट मांगने की स्थिति में नहीं है। सभी भाजपा व नरेंद्र मोदी पर हमला बोलकर वोट हासिल करना चाहते हैं।

ये लोग बड़ी-बड़ी बातें करते हैं, पर जो अमेठी व रायबरेली नहीं सुधार सकते, वे क्या खाक हिंदुस्तान को सुधारेंगे। यह पूछने पर कि प्रियंका कह रही हैं कि देश चलाने के लिए 56 इंच का सीना नहीं दरिया जैसा दिल होना चाहिए, गडकरी ने कहा कि भाजपा पहले से ही दरिया दिल वाली है।

इसीलिए हम कांग्रेस, सपा और बसपा के नेताओं के बयानों पर बहुत ध्यान नहीं देते। सोनिया, राहुल, प्रियंका, अखिलेश और मायावती के मोदी व भाजपा पर हमलों के बारे में पूछने पर कहा कि मरता क्या न करता।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें