मायावती को भले ही प्रधानमंत्री पद की दौड़ में काफी पीछे माना जा रहा हो लेकिन उन्होने जता दिया कि वह प्रमुख दावेदारों में से एक है।
जी हां भाजपा के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी के बारे में भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने एक प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि अगर मोदी देश के प्रधानमंत्री बनते हैं तो यह विनाशकारी होगा।
आज बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी मनमोहन सिंह के वही शब्द मोदी के बारे में दोहराए। बसपा सुप्रीमो मायावती का कहना है कि नरेंद्र मोदी अगर गलती से भी प्रधानमंत्री बनते हैं तो देश बर्बाद हो जाएगा।
कहा कि कई वर्षों तक राज करने वाली कांग्रेस की गलत नीतियां ही देश की बदहाली के लिए जिम्मेदार हैं।
पूंजीपतियों के साथ हैं कांग्रेस-भाजपा
मायावती ने कहा कि चाहे कांग्रेस हो या भाजपा, सत्ता हथियाने के लिए पूंजीपतियों से हाथ मिला लेती हैं और सिर्फ उन्हीं को फायदा पहुंचाती हैं।
सोमवार को गोंडा और बलरामपुर में बसपा प्रत्याशियों के समर्थन में हुईं जनसभाओं में मायावती ने विपक्षियों पर जमकर निशाना साधा।
कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से बसपा प्रत्याशी केके ओझा के समर्थन में गोंडा के परसपुर के बरदही बाजार में जनसभा में मायावती ने सपा की भी कमियां गिनाईं।
कहा कि, नरेंद्र मोदी अगर गलती से भी प्रधानमंत्री बनते हैं तो देश बर्बाद हो जाएगा। सवाल उठाया कि, मोदी आज देश में विकास और सुशासन लाने की बात कर रहे हैं, यह उन्होंने उस समय क्यों नहीं किया, जब उनकी पार्टी की केंद्र में सरकार थी।
दलित की बेटी बनेगी पीएम
उन्होंने कांग्रेस के साथ ही सपा और भाजपा को सत्ता से दूर रखते हुए बसपा के पक्ष में वोट करने की लोगों से अपील की।
कहा, अगर दलित, मुस्लिम, सर्व समाज और सवर्ण बिरादरी के लोग उनका साथ दें तो दलित की बेटी भी प्रधानमंत्री बन सकती है।
उधर, बलरामपुर के परेड ग्राउंड में श्रावस्ती लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी लालजी वर्मा के समर्थन में आयोजित जनसभा में भी बसपा सुप्रीमो ने लोगों से साथ मांगा।
कहा कि, मुस्लिम एकजुट होकर उनका साथ दें। उन्होंने विपक्षी पार्टियों को सत्ता की लालची बताया।