लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय के 69वें दीक्षांत समारोह के मुख्य अतिथि नीति आयोग के सदस्य अभय करंदीकर होंगे। राज्यपाल और कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उनके नाम को आधिकारिक स्वीकृति दी है। इस वर्ष समारोह का आयोजन 31 जुलाई को किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) के साइंटिफिक कन्वेंशन सेंटर में होगा।
प्रतिष्ठित वैज्ञानिक और शिक्षाविद अभय करंदीकर ने आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी की है। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के सचिव के रूप में अहम भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने देश की वैज्ञानिक नीतियों के निर्माण में योगदान दिया। इससे पहले वे आईआईटी कानपुर के निदेशक और आईआईटी बॉम्बे में लंबे समय तक अध्यापन और शोध से जुड़े रहे।
अभय करंदीकर समारोह में विभिन्न संकायों के मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां और स्वर्ण पदक प्रदान करेंगे। यह आयोजन इस बार विवि परिसर के बजाय केजीएमयू के आधुनिक सुविधाओं से लैस केंद्र में होगा। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने कहा कि प्रोफेसर करंदीकर का मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होना लखनऊ विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है। समितियों के माध्यम से आयोजन की व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।