राजधानी में रविवार को 19 कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। इसमें सीएम हेल्पलाइन कॉल सेंटर के छह और कर्मचारी व पहले पॉजिटिव मिले कर्मचारियों के परिवार के चार लोग शामिल हैं। इसके अलावा पीजीआई का एक कर्मचारी और जीआरपी के दो व पीएसी के एक जवान की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
इसमें छह महिला व 13 पुरुष है। इसके अलावा केजीएमयू में 30 मई को भर्ती कराए गए 75 साल के संक्रमित बुजुर्ग ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। अब कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या 610 हो गई है। राजधानी के मरीजों की संख्या 451 है। विभिन्न अस्पतालों में 165 लोग भर्ती हैं।
गोमतीनगर स्थित सीएम हेल्पलाइन के तहत चलने वाले निजी कॉल सेंटर के संक्रमित कर्मचारियों की संख्या रविवार को 46 से 52 हो गई। इनके परिवार के चार सदस्यों में संक्रमण पाया गया है। इस कॉल सेंटर में करीब 700 से अधिक कर्मचारियों के कार्यरत होने की बात कही जा रही है।
वहीं, जीआरपी में करीब सप्ताह भर बाद रविवार को फिर दो मरीज पॉजिटिव पाए गए हैं। इसी तरह पीएसी के एक जवान में भी संक्रमण मिला है। उधर, निरालानगर में रविवार को दो लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। इनके परिवार के तीन लोग पहले से संक्रमित हैं।