यूपी के विभिन्न विभागों में सरकारी नौकरियों के लिए प्रतियोगी परीक्षाएं कराने को नौ सेवा प्रदाता कंपनियों का पैनल बनाया गया है। यूपी डेस्को ने ई-टेंडरिंग के माध्यम से दो कंपनियों को ऑफलाइन परीक्षा और 7 कंपनियों को ऑनलाइन एग्जाम के लिए चुना है।
अपर मुख्य सचिव नियोजन संजीव सरन ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं। प्रदेश में सरकारी नौकरियों के लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन प्रक्रिया से प्रतियोगी परीक्षाएं कराई जाती हैं। आने वाले दिनों में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से बड़ी संख्या में भर्तियां होंगी।
अन्य आयोगों व विभागों भी सीधी भर्ती परीक्षा कराएंगे। इन परीक्षाओं को कराने के लिए यूपीडेस्को के माध्यम से सेवा प्रदाता कंपनियों को चुना गया है। ई-टेंडरिंग के माध्यम से कुल नौ कंपनियों का पैनल तैयार किया गया है। सरकारी विभाग सीधी भर्ती के लिए इनमें से किसी कंपनी की सेवा प्राप्त कर सकते हैं।
ऑनलाइन भर्ती के लिए चुनी गई कंपनियों में दो मुंबई, एक बंगलूरू, एक चेन्नई, एक त्रिवेन्द्रम और एक-एक नोएडा व लखनऊ आधारित कंपनी है। लखनऊ की कंपनी टीसीएस है। पहले भी टीसीएस भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी रही है। ऑफलाइन भर्ती के लिए नोएडा व लखनऊ की एक-एक कंपनी का पैनल तैयार किया गया है।