लखनऊ। उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से संचालित बाल साहित्य संवर्द्धन योजना के तहत 31 जनवरी को प्रदेश के नौ बाल साहित्यकारों को सम्मानित किया जाएगा। पुरस्कार समारोह का आयोजन हिंदी संस्थान के निराला सभागार में पूर्वाह्न 11 बजे से होगा। इसके तहत सभी को 51-51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
हिंदी संस्थान की प्रधान संपादक ने बताया कि संस्थान के निदेशक राज बहादुर बाल साहित्यकारों को पुरस्कार राशि, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करेंगे। पुरस्कार पाने वालों में दो साहित्यकार लखनऊ के हैं। इनमें से डॉ. करुणा पांडेय को सुभद्रा कुमारी चौहान महिला बाल साहित्य सम्मान और डॉ. दीपक कोहली को जगपति चतुर्वेदी बाल विज्ञान लेखन सम्मान से नवाजा जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के अन्य सात बाल साहित्यकारों में से सहारनपुर के डॉ. आरपी सारस्वत को सोहनलाल द्विवेदी बाल कविता सम्मान, शाहजहांपुर के मो. अरशद खान को अमृत लाल नागर बाल कथा सम्मान, अलीगढ़ के दिलीप शर्मा को शिक्षार्थी बाल चित्रकला सम्मान और गौतमबुद्धनगर के नरेंद्र निर्मल को लल्ली प्रसाद पांडेय बाल साहित्य पत्रकारिता सम्मान दिया जाएगा। गौतमबुद्धनगर के ही बलराम अग्रवाल को डॉ. रामकुमार वर्मा बाल नाटक सम्मान, मथुरा के देवी प्रसाद गौड़ को कृष्ण विनायक फड़के बाल साहित्य समीक्षा सम्मान और प्रतापगढ़ के अनिल कुमार निलय को उमाकांत मालवीय युवा बाल साहित्य सम्मान से नवाजा जाएगा।