प्रमुख सचिव स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद
- फोटो : amar ujala
यूपी में अब तक 16084 कोरोना मरीज पूरी तरह ठीक होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं। वहीं, पिछले 24 घंटे में 672 नए मामले सामने आए हैं।
प्रमुख सचिव अमित मोहन प्रसाद ने बताया कि प्रदेश में कोरोना को लेकर स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ कर चुके हैं।
एक दिन का बच्चा भी कोरोना की चपेट में आ गया
वहीं, लखनऊ में एक दिन का बच्चा भी कोरोना की चपेट में आ गया। शिशु प्रदेश में सबसे कम उम्र का मरीज है। वहीं, उसकी मां की रिपोर्ट प्रसव के बाद ही पॉजिटिव आ गई थी। सोमवार को राजधानी में कुल 23 मामले सामने आए। इनमें 20 यहीं के हैं। इसके साथ कुल मरीजों की संख्या 1070 पहुंच गई है। इसमें 860 राजधानी के हैं।
डुमरियागंज निवासी 23 साल की गर्भवती का शनिवार को लोहिया संस्थान में ऑपरेशन से प्रसव हुआ। रविवार को जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर प्रसूता को कोविड हॉस्पिटल और नवजात को एनआईसीयू में भर्ती किया गया। इस दौरान शिशु, उसके पिता व तीमारदार के नमूने लिए गए। सोमवार को तीनों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। एक दिन के शिशु के संक्रमित निकलने से संस्थान में हलचल मच गई।
पीडियाट्रिक विभाग की टीम नवजात को लेकर लगातार वार्ड में काम कर रही टीम को सलाह मशविरा दे रही है। मीडिया प्रभारी डॉ. श्रीकेश सिंह ने बताया कि जच्चा-बच्चा की लगातार निगरानी की जा रही है। लेबर रूम का एक हिस्सा 24 घंटे के लिए बंद करा दिया गया है।