फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सौतेला पिता निकला हैवान: बेटी से किया दुष्कर्म, विरोध पर कर दी हत्या, मां बोली-घटना वाली रात भी किया था प्रयास

Thu, 26 Jun 2025 10:14 PM IST
भूपेन्द्र सिंह अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ

सार

महानगर में छात्रा की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। मां ने बताया कि सौतेला पिता बेटी को हवश का शिकार बनाता था। विरोध पर हत्या कर दी। आरोपी पर दुष्कर्म और हत्या के प्रयास की धाराएं बढ़ाई गईं हैं।
विज्ञापन
anuj crime - फोटो : freepik
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी लखनऊ के महानगर इलाके में बीसीए छात्रा की हत्या के मामले में नया मोड़ आ गया है। पुलिस विवेचना में चौंकाने वाली बातें सामने आई हैं। छात्रा की मां ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि आरोपी सौतेले पिता ने बिटिया के साथ दरिंदगी की थी। घटना वाली रात भी आरोपी ने दुष्कर्म का प्रयास किया था। बेटी के विरोध पर ही वह आपे से बाहर हो गया और उसकी जान ले ली।

विज्ञापन


इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार मिश्र का कहना है कि छात्रा की मां के बयान के आधार पर एफआईआर में दुष्कर्म की धारा बढ़ाई गई है। छात्रा की मां का कहना है कि आरोपी ने उन्हें भी जान से मारने का प्रयास किया था। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। इसके आधार पर हत्या के प्रयास की धारा भी बढ़ाई गई है। महिला ने पुलिस को बताया है कि आरोपी उनकी बेटी पर शुरू से गंदी नजर रखता था। 

बेटी के साथ अश्लील हरकतें करता था

कुछ दिन पहले उसने बेटी के साथ गलत काम किया था। बेटी ने इस मामले में पुलिस से शिकायत करने की बात कही थी। आरोपी ने शिकायत करने पर मां बेटी को जान से मारने की धमकी दी थी। आरोपी के खौफ, लोकलाज और बेटी के भविष्य को देखते हुए उन्होंने चुप्पी साध ली। बेटी को भी समझाकर शांत करा दिया था। इसके बाद से आरोपी की हरकतें बढ़ गईं। आरोपी बेटी के साथ अश्लील हरकतें करता था।

सीसीटीवी अहम साक्ष्य, आरोपी का फोन खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने छात्रा के घर में लगे सीसीटीवी कैमरे के डीवीआर को कब्जे में ले लिया है। पूरी वारदात कैमरे में कैद है। आरोपी हत्या के बाद से छात्रा के गर्दन पर पैर रखकर खड़ा था। इस दौरान वह मोबाइल फोन भी चला रहा था। यही नहीं, छात्रा की मां के विरोध करने पर उसने उन्हें भी मारने की धमकी दी थी। पुलिस आरोपी का मोबाइल फोन खंगाल रही है। माना जा रहा है कि आरोपी के फोन में छात्रा की कुछ तस्वीरें और वीडियो हैं।

पुलिस को गुमराह करने के लिए रची थी झूठी कहानी

पुलिस ने आरोपी सौतेले पिता को जब गिरफ्तार किया था तो उसने खुद को बचाने के लिए झूठी कहानी गढ़ दी थी। आरोपी ने बताया था कि छात्रा मोबाइल फोन चला रही थी। इसपर उसने उसे टोका था। इसी बात को लेकर वह भड़क गई थी और झगड़ा करने लगी। नाराज होकर उसने उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस आरोपी के बैंक खाते भी खंगाल रही है, जिससे यह पता लग सके कि जो प्रॉपर्टी उसने महिला से बिकवाई थी, उसकी रकम कहां है।

ये है मामला

महानगर में एक महिला अपनी बेटी (19) के साथ रहती थी। पहले पति के देहांत के बाद महिला ने दूसरी शादी की थी। सोमवार रात करीब पौने आठ बजे दूसरे पति ने उनकी बेटी की दो चाकूओं से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार किया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में छात्रा के शरीर पर चोट के 18 निशान मिले थे। डॉक्टरों के पैनल ने दुष्कर्म की पुष्टि के लिए स्लाइड भी बनाई है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें