मुलायम सिंह के खिलाफ एफआईआर न होने के की दशा में आईपीएस अमिताभ ठाकुर धरने पर बैठेंगे।
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव द्वारा धमकी दिए जाने की शिकायत पर एफआईआर दर्ज न होने के विरोध में निलंबित आईपीएस अमिताभ ठाकुर गुरुवार एक अक्टूबर को हजरतगंज कोतवाली पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठेंगे।
अमिताभ ठाकुर ने 10 जुलाई 2015 को सपा मुखिया मुलायम सिंह द्वारा उन्हें फोन पर धमकी देने की शिकायत की थी, जिस पर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) सोम प्रभा मिश्रा द्वारा 14 सितंबर को समुचित धाराओं में एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए गए थे।
इसके बाद भी लखनऊ पुलिस द्वारा अब तक अदालत के आदेश का पालन नहीं किये जाने के खिलाफ ठाकुर ने अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने का फैसला किया है।
ठाकुर ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इलाहाबाद हाई कोर्ट में चीफ जस्टिस डॉ. डी वाई चंद्रचूड़ और जस्टिस एस एन शुक्ला की बेंच को आश्वस्त किया है ।
यदि अब तक मुलायम सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं हुई है तो आज (30 सितंबर, 2015) को अवश्य दर्ज हो जाएगी। यदि इसके बाद भी एक अक्टूबर की सुबह तक एफआईआर दर्ज नहीं होती है तो वे हजरतगंज थाने पर धरने पर बैठेंगे।
कहा कि बुधवार की सुबह उनके आवास पर हजरतगंज थाने के सब इंस्पेक्टर कृष्णनंदन तिवारी को भेजा गया था, जिन्होंने उन्हें थाने पर बैठने से मना किया पर उन्होंने और उनकी पत्नी सामाजिक कार्यकर्ता नूतन ठाकुर ने कहा कि यह उनका संवैधानिक अधिकार है और उन्हें इससे कोई नहीं रोक सकता है।