एक नवंबर से 32 ट्रेनों का समय बदल रहा है। लेकिन उत्तर व पूर्वोत्तर रेलवे अधिकारियों ने न तो स्टेशनों और न ही आरक्षण केंद्रों पर नई सारिणी लगाई है, जिससे यात्रियों को असुविधाएं हो रही है। बदली समयसारिणी में एक बार फिर से लखनऊ-आनंद विहार तेजस एक्सप्रेस और जम्मूतवी-सियालदह हमसफर को शामिल किया गया है।
इन्हें गत वर्ष भी टाइमटेबल में शामिल किया गया था, लेकिन अब तक इनके चलने का इंतजार है। हमसफर, ग्वालियर मेल, एलटीटी गोरखपुर सहित पैसेंजर व मेमू को मिलाकर कुल 32 ट्रेनों की टाइमिंग बदली जा रही है। लेकिन यात्री अपनी ट्रेनों के बदले समय का पता लगाने के लिए परेशान हो रहे है।
नियमों की बात करें तो यात्रियों को दो दिन पहले ही उनकी ट्रेनों की नई समय सारिणी उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इसके लिए आरक्षण केंद्रों व स्टेशन पर लगी समयसारिणी को बदला जाना जरूरी था। नई समय सारिणी का पता लगाने के लिए यात्री सोमवार को परेशान होते रहे। यात्रियों को ट्रेन ऐट ए ग्लांस तक नहीं मिल सक है।
यह हालत तब है, जब पूर्वोत्तर रेलवे मुख्यालय ने तीन दिन पहले ही अपनी समयसारिणी जारी कर दी थी । लेकिन, लखनऊ मंडल के अधिकारियों ने कोई तैयारी नहीं की। उत्तर रेलवे मुख्यालय ने भी सोमवार देर शाम नया टाइम टेबल जारी कर दिया। लखनऊ, सहारनपुर पैसेंजर को नौ नवंबर तक के लिए रद्द कर दिया गया है।