शहर की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने कॉरिडोर योजना लागू की है। इसके पहले चरण में चारबाग से महानगर तक ट्रैफिक की रुकावटों को दूर किया जाएगा।
इसके तहत इस रूट पर चौराहे से 100 मीटर के दायरे में कोई भी गुमटी, खोमचा नहीं लगने दिया जाएगा। जहां पर भी सड़क किनारे अतिक्रमण है, उसे तोड़वाया जाएगा। इसके अलावा कॉरिडोर रूट पर कामर्शियल वाहनों के गुजरने का समय तय होगा। वहीं स्कूल व ऑफिस छूटने के समय भारी वाहनों को भी नहीं आने दिया जाएगा।
कॉरिडोर योजना के लिए टीएसआई की ड्यूटी तय की गई है, जो अपने-अपने चौराहों पर ट्रैफिक की दिक्कतों की रिपोर्ट तैयार कर अफसरों को सौंपेंगे। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, इस रूट पर नौ मुख्य चौराहों को जंक्शन पॉइंट के तौर पर चिह्नित किया है।
इनमें केकेसी तिराहा, राणाप्रताप, बर्लिंग्टन चौराहा, रॉयल होटल, हजरतगंज चौराहा, सप्रू मार्ग, सिकंदराबाग, पेपर मिल, गोल मार्केट चौराहा शामिल हैं। इन चौराहों तैनात होने वाले टीएसआई ट्रैफिक रुकावट समेत अन्य बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार कर यातायात निदेशालय व एएसपी ट्रैफिक को सौंपेंगे।