मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एक नया सैनिक स्कूल खोलने और सरोजनी नगर स्थित कैप्टन मनोज कुमार पांडेय सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों की क्षमता को 400 से बढ़ाकर 800 करने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने सैनिक स्कूल में 150 छात्राओं की क्षमता वाला हास्टल खोलने और सैनिक स्कूल में निर्माणाधीन आडिटोरियम की क्षमता को भी बढ़ाकर 1000 सीट करने की घोषणा की।
रक्षाबंधन के अवसर पर सैनिक स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि 1960 में तत्कालीन मुख्यमंत्री डॉ. संपूर्णानंद के प्रयास से ही लखनऊ में देश के पहले सैनिक स्कूल की स्थापना हुई थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ‘बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ’ के अभियान को आगे बढ़ा रही है। इसी का परिणाम है कि कैप्टन मनोज पाण्डेय सैनिक स्कूल में बालिकाओं को भी पहली बार प्रवेश दिया गया है। यह बालिकाएं देश की रक्षा में अपना महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
इस अवसर पर ग्राम्य विकास राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार डॉ. महेन्द्र सिंह, महिला कल्याण राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार स्वाती सिंह, अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी, पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह, प्रमुख सचिव माध्यमिक शिक्षा आराधना शुक्ला तथा सैनिक स्कूल के प्रधानाचार्य ले. कर्नल उदय प्रताप सिंह सहित अन्य लोग मौजूद थे।