लखनऊ। जलकल विभाग बीते साल की तुलना में इस साल पेयजल आपूर्ति बेहतर बनाने के लिए नए नलकूप लगाने और पुराने की रिबोरिंग पर करीब दोगुना बजट खर्च करेगा। बीते साल विभाग ने इस मद में छह करोड़ रुपये खर्च किए थे, जबकि इस साल 12 करोड़ खर्च करेगा। जलकल विभाग की ओर से सोमवार को नगर निगम कार्यकारिणी में वित्तीय वर्ष 2025-26 का 407 करोड़ रुपये का बजट मंजूरी के लिए पेश किया गया था, जिसे समिति ने पास कर दिया।
जलकल महाप्रबंधक कुलदीप सिंह ने बताया कि कई इलाकों में बीच-बीच में सीवर लाइन नहीं है। ऐसे इलाकों में सीवर पाइप बिछाने के लिए बजट में 3.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बीते साल इस मद में दो करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। वहीं, पेयजल पाइप लाइन बिछाने के लिए 10.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। बीते साल इस मद में 6.24 करोड़ रुपये का प्रावधान था।