लखनऊ। लखनऊ विश्वविद्यालय में नया शैक्षणिक सत्र 2026-2027 की शुरुआत 13 जुलाई से होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परिसर में व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई नियम लागू किए हैं। छात्रों को शैक्षणिक परिसर में वाहन लाने की अनुमति नहीं होगी। शिक्षकों, अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने वाहन निर्धारित स्टैंड पर खड़े करने होंगे।
छात्रों को अपने वाहन द्वार संख्या एक, परीक्षा विभाग के पीछे, विवेकानंद द्वार (द्वार संख्या तीन) और द्वार संख्या सात पर खड़े करने होंगे। इसके बाद उन्हें पैदल ही परिसर में प्रवेश करना होगा। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने छात्रावासों में अराजकता रोकने के लिए चीफ प्रोवोस्ट से लेकर प्रोवोस्ट पदों पर बदलाव किए हैं। हॉस्टलों की ऑनलाइन मॉनिटरिंग होगी।
शैक्षणिक परिसर में छात्रों का वाहन सहित प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। अनधिकृत रूप से प्रवेश करने या घूमने वाले छात्रों पर कार्रवाई होगी। बाहरी छात्रों या व्यक्तियों का प्रवेश भी निषिद्ध रहेगा। बिना उपयुक्त कारण के परिसर में घूमने वाले व्यक्तियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। छात्रों को प्रतिदिन अपना परिचय-पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। दिव्यांग छात्रों को वाहन पास जारी किए गए हैं। हॉस्टल में पार्टी करने पर हॉस्टल निरस्त कर दिया जाएगा।