सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव और राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव की रिश्तेदारी में एक और कड़ी जुड़ने जा रही है। लालू यादव के साले और बिहार में राजद से भाजपा में शामिल हुए अनिरुद्ध उर्फ साधु यादव की बेटी डॉ. ईशा 28 अप्रैल को नई दिल्ली में सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के नाती और बदायूं से सांसद धर्मेंद्र यादव के भांजे राहुल की जीवनसंगिनी बनेंगी।
रविवार 24 अप्रैल को शहर के इटावा क्लब में राहुल का तिलक और लगनोत्सव कार्यक्रम होगा।
उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े सियासी घराने के मुखिया मुलायम सिंह यादव और बिहार के दिग्गज नेता लालू यादव की रिश्तेदारी की डोर और मजबूत हो रही है। राजद प्रमुख के बाद अब उनके साले साधु यादव भी मुलायम के समधी बनने जा रहे हैं।
जिला पंचायत सदस्य हैं राहुल की मां
राहुल व ईशा
- फोटो : amar ujala
होटल कारोबारी 28 वर्षीय राहुल यादव सांसद धर्मेंद्र यादव की जसवंतनगर निवासी बड़ी बहन और तीसरी बार जिला पंचायत सदस्य बनीं शीला यादव के बेटे हैं।
राहुल की ताई विमलेश यादव जसवंतनगर नगर पालिका परिषद की चेयरमैन हैं। राहुल के ताऊ कप्तान सिंह यादव ने बताया 24 अप्रैल को तिलक , लग्नोत्सव और नई दिल्ली में 28 अप्रैल को होने वाली शादी की तैयारियां जोर- शोर से चल रही हैं।
तिलक और लगनोत्सव में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव, मुख्यमंत्री अखिलेश यादव परिवार के साथ शामिल होंगे।
अपने परिजनों के साथ पहुंचे साधु यादव
उधर भाजपा नेता साधु यादव परिजनों और रिश्तेदारों के साथ तिलक और लग्नोत्सव में शामिल होने के लिए शनिवार रात इटावा पहुंच गए।
इससे पहले राजद प्रमुख की सबसे छोटी बेटी राजलक्ष्मी की शादी सपा मुखिया के नाती और मैनपुरी के सांसद तेजप्रताप सिंह यादव के साथ हुई है।
शाही अंदाज से होने वाले शादी की जिले के सियासी हल्कों में चर्चा है।