प्रदेश के लघु उद्योग एवं निर्यात प्रोत्साहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) भगवत सरन गंगवार ने कहा है कि लघु उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए सूबे में 100 करोड़ रुपये के नए प्रोजेक्ट शुरू किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि उद्योगों को प्रोत्साहन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारी दंडित किए जाएंगे। वे मंगलवार को बापू भवन सचिवालय स्थित सभागार में विभागीय कार्यक्रमों की समीक्षा कर रहे थे।
गंगवार ने बताया कि प्रधानमंत्री रोजगार सृजन योजना के अंतर्गत केंद्र सरकार से 188 करोड़ रुपये मिले हैं। इससे प्रदेश के 44 हजार परिवारों को रोजगार मिलेगा।
उन्होंने क्लस्टर योजना के 19 प्रस्तावों को जल्द से जल्द केंद्र सरकार को मंजूरी के लिए भेजने का निर्देश दिया।
गंगवार ने बताया कि जिन औद्योगिक इकाइयों की मशीनें घिस गई हैं, उन्हें ठीक करने के लिए सरकार प्रति इकाई पांच लाख रुपये देगी।
इस पर सरकार अनुदान भी उपलब्ध कराएगी। लघु उद्योग विभाग को पीएमजीएसवाई योजना से मिले 60 करोड़ रुपये के खर्च में सुस्ती पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि अगले महीने जिन योजनाओं की भौतिक व वित्तीय प्रगति शून्य होगी, उनके प्रभारी अधिकारी दंडित किए जाएंगे।