लखनऊ। एलडीए ने अनंत नगर (मोहान रोड) योजना में भूखंडों (प्लाॅटों) की बुकिंग के लिए एक बार फिर पंजीकरण खोला है। इस बार 637 भूखंडों के लिए लोग 20 दिसंबर से 12 जनवरी तक पंजीकरण करा सकेंगे। पंजीकरण ऑनलाइन होगा जबकि आवंटन लाॅटरी के जरिये किया जाएगा।
इससे पहले दो बार में इस योजना के 666 भूखंडों का आवंटन किया जा चुका है। एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि तीसरे चरण में जिन 637 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जा रहा है उसमें 450 वर्गमीटर के 41, 288 वर्गमीटर के 224, 200 वर्गमीटर के 225, 162 वर्गमीटर के 90 और 112.5 वर्गमीटर के 57 भूखंड शामिल हैं।
785 एकड़ में विकसित की जा रही योजना
अनंत नगर योजना 785 एकड़ क्षेत्रफल में विकसित की जा रही है। यहां करीब डेढ़ लाख लोगों के आशियाने का सपना साकार होगा। अंतरराष्ट्रीय मानकों के अंतर्गत ग्रिड पैटर्न पर इसे विकसित किया जा रहा है जहां चौड़ी सड़कों के साथ भूमिगत केबल से निर्बाध विद्युत आपूर्ति की सुविधा मिलेगी। एक बड़े हिस्से में एजुकेशन सिटी विकसित की जाएगी। 130 एकड़ भूमि पर पार्कों व ग्रीन बेल्ट का विकास किया जाएगा जो योजना को पर्यावरण के अनुकूल एक हरा-भरा क्षेत्र बनाएगी।
ऐसे करना होगा आवेदन
एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने बताया कि आवेदन करने के लिए लोगों को एलडीए की वेबसाइट www.registration.ldalucknow.in/#/login पर जाकर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी। इसके बाद भूखंड के अनुमानित मूल्य की पांच प्रतिशत पंजीकरण धनराशि जमा कराके रजिस्ट्रेशन कराना होगा। सफलतापूर्वक पंजीकरण कराने वाले आवेदकों के मध्य भूखंडों का आवंटन लॉटरी के जरिये किया जाएगा।