मोहनलालगंज में बनेगा मंडलीय मानसिक मंदित आश्रय गृह
दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण की उपलब्ध होंगी सुविधाएं
विभाग के प्रस्ताव पर जिला प्रशासन से उपलब्ध कराई दो एकड़ जमीन
मोहनलालगंज कस्बे में मंडलीय राजकीय मानसिक मंदित दिव्यांगजन आश्रय गृह (सह प्रशिक्षण केंद्र) बनेगा। यहां महिला-पुरुष के लिए अलग-अलग आश्रय गृह का निर्माण होना है। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के प्रस्ताव पर शुक्रवार को जिला प्रशासन मोहनलालगंज ब्लॉक के परवर-पूरब गांव में दो एकड़ भूमि भी मुहैया करा दी है।
राजधानी समेत लखनऊ मंडल के सभी छह जिलों में अब तक बेसहारा मानसिक मंदित दिव्यांगजनों को आश्रय दिलाना प्रशासन और पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने दोनों आश्रय गृह के लिए 18 करोड़ का प्रस्ताव स्वीकृत कर पैक्सफेड को भवन निर्माण की जिम्मेदारी सौंपी है। जिला प्रशासन के निर्देश पर तहसील की राजस्व टीम ने शुक्रवार को आवंटित भूमि का सीमांकन कर दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के उपनिदेशक अमित कुमार राय और पैक्सफेड के सहायक अभियंता पवन कुमार को कब्जा दे दिया। उपनिदेशक ने बताया कि आश्रय गृह में मानसिक मंदित दिव्यांगजनों को आवासीय सुविधा देने के साथ मनोचिकित्सा भी कराई जा सकेगी। सुधार आने पर मानसिक मंदित दिव्यांगजनों को विभिन्न प्रकार के व्यवसायिक प्रशिक्षण देकर उनको सामान्य जीवन जीने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
आश्रय गृह में होंगे यह निर्माण कार्य
उपनिदेशक अमित राय ने बताया प्रस्तावित मानसिक मंदित आश्रय गृह में छात्रावास, स्टाफ आवास, आकस्मिक चिकित्सा कक्ष, किचेन, डाइनिंग हॉल, रैम्प टॉयलेट, मनोरंजन कक्ष, साइको काउंसिलिंग कक्ष, पैरेंट्स काउंसिलिंग कक्ष, मेंटल आईक्यू असेसमेंट कक्ष, फिजियोथेरेपी एवं ऑक्यूपेशनल थेरेपी कक्ष, साउंड प्रूफ स्पीच थेरेपी कक्ष, साउंड प्रूफ ऑडियोमेट्री कक्ष और सेंसरी मोटिवेशन कक्ष का निर्माण कराया जाना है।