स्वास्थ्य मंत्रालय ने कोरोना से मौत के बाद पोस्टमार्टम से लेकर दाह संस्कार तक के लिए नई गाइडलाइन तय की है। इसमें आम लोगों को निर्देश है कि सिर्फ शव का चेहरा देख सकते हैं।
शव को नहलाने, गले लगाने व चूमने पर पाबंदी है। सीएमओ डॉ नरेंद्र अग्रवाल का कहना है कोरोना खांसते या छींकते समय ज्यादा फैलता है। ऐसे में स्वास्थ्य कर्मचारी ग्लव्स, मास्क, चश्मा व किट पहनकर ही मृत शरीर को छुएं।
शव को कीटाणु सहित लीक न होने वाले बैग या लिनन में ही रखें। कैथेटर, ट्यूब, ड्रेनेज, कैनुला आदि चिकित्सीय उपकरणों को एक फ़ीसदी हाइपोक्लोराइट से विसंक्रमित करना और सुरक्षित रखना या डिस्पोज करना है।
मृत शरीर के तरल रिसाव वाले छिद्र जैसे नाक, मुंह, कान आदि को सबसे पहले बंद कर देना है। अस्पताल की चादर, गद्दा आदि को सुरक्षित रखकर साफ करना या डिस्पोज करना होगा।