केजीएमयू ट्रॉमा परिसर में नई सीटी स्कैन मशीन स्थापित।
लखनऊ। केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर परिसर में नई सीटी स्कैन मशीन स्थापित कर दी गई है। इसके संचालन के लिए एटॉमिक एनर्जी रेगुलेटरी बोर्ड (एईआरबी) की एनओसी का इंतजार है। ट्रॉमा सेंटर के सीएमएस डॉ. प्रेमराज सिंह के मुताबिक, इसी सप्ताह एनओसी मिलने की उम्मीद है। इसके बाद मशीन शुरू कर दी जाएगी।
अभी ट्रॉमा सेंटर में केवल एक सीटी स्कैन मशीन है, जो करीब 10 साल पुरानी है। अक्सर मशीन में खराबी आने से मरीजों को जांच के लिए रेडियोलॉजी विभाग भेजना पड़ता है। इससे मरीजों की जांच में देरी होती है और इलाज भी प्रभावित होता है। एक ही मशीन पर लगातार जांच होने से उसके गर्म होने की समस्या भी आती है। सुरक्षा मानकों के तहत तापमान बढ़ने पर कुछ समय के लिए जांच रोकनी पड़ती है। इससे मरीजों की लंबी लाइन लग जाती है और कई बार 12 से 15 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है।