मुख्य सचिव आलोक रंजन ने अफसरों से कहा है कि चक गंजरिया में
बनने वाली डॉ. राम मनोहर लोहिया राज्य प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के भवन
का निर्माण दिसंबर 2016 तक पूरा कर लें।
इसके मुख्य भवन को ग्रीन बिल्डिंग
के रूप में विकसित किया जाए। अकादमी परिसर को सिग्नेचर बिल्डिंग के रूप में
बनाया जाना है। इसके निर्माण कार्यों की गुणवत्ता के लिए प्रतिष्ठित थर्ड
पार्टी का चयन यथाशीघ्र किया जाए।
मुख्य
सचिव मंगलवार को डॉ. राम मनोहर लोहिया राज्य प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के
प्रस्तावित भवन के निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा कर रहे थे।
उन्होंने कहा, अकादमी परिसर के नजदीक ही संस्कृति विद्यालय तथा सीएसआई टॉवर
का निर्माण भी कराया जाए।
प्रशासनिक अकादमी के भवन निर्माण में हरित भवन
की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए कांच के प्रयोग के साथ-साथ ग्रेनाइट
पत्थर का भी इस्तेमाल किया जाए।
अकादमी में छात्रावास का भी निर्माण कराया
जाए ताकि प्रशिक्षणार्थियों को कोई आवासीय समस्या न हो।
रंजन
ने निर्देश दिए कि चक गंजरिया के लिए ले-आउट प्लान में ग्रीन बेल्ट की
निरंतरता बनाए रखने के लिहाज से लखनऊ- सुल्तानपुर मार्ग से ग्रीन बेल्ट से
सटी हुई 24 मीटर सड़क का निर्माण कराकर अकादमी का प्रवेश द्वार बनाया जाए।
परिसर में बैडमिंटन, स्वीमिंग पूल आदि भी बनाए जाएं ताकि खेल प्रेमी
प्रशिक्षणार्थियों को खेलने की सुविधा भी मिल सके।
बैठक में प्रमुख सचिव
नियुक्ति एवं कार्मिक राजीव कुमार, प्रमुख सचिव नियोजन संजीव मित्तल,
प्रमुख सचिव वित्त हिमांशु कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।