शपथ ग्रहण कार्यक्रम में मौजूद एमबीबीएस और बीडीएस के नए विद्यार्थी।
- फोटो : amar ujala
केजीएमयू में सोमवार को एमबीबीएस और बीडीएस प्रथम वर्ष की कक्षाएं शुरू हो गईं। इससे पहले कलाम सेंटर में एमबीबीएस के विद्यार्थियों ने मरीजों की सेवा की शपथ ली। कुलपति डॉ. एमएलबी भट्ट ने स्टूडेंट्स को शपथ दिलाई कि वह किसी भी मरीज से उसकी जाति, धर्म, अमीरी और गरीबी के आधार पर भेदभाव नहीं करेंगे। इस दौरान छात्र-छात्राओं के चेहरे की रौनक देखते ही बनी।
चीफ प्रॉक्टर डॉ. आरएएस कुशवाहा ने बताया कि शपथ लेने के साथ ही कक्षाएं शुरू हो गई हैं। एंटी रैगिंग कमेटी चाक चौबंद है। रैगिंग की शिकायत मिलने पर संबंधित छात्र को विश्वविद्यालय से बाहर कर दिया जाएगा।
कोई मां से लिपटकर रोया तो कोई पहुंचा बिंदास
बॉयज व गर्ल्स हास्टल के आसपास रविवार को ही सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सुबह से लेकर शाम तक नवागत छात्र-छात्राओं के आने का सिलसिला जारी रहा। कोई रिक्शे से हॉस्टल तक पहुंचा तो कोई कार से। किसी को छोड़ने उनका पूरा परिवार आया था तो कोई अकेले पहुंचा। हालांकि अकेले आने वालों में गजब का उत्साह दिखा। जबकि परिवार के साथ आने वाले हॉस्टल जाते वक्त सुबकते नजर आए। बच्चों को छोड़कर घर लौट रहे माता-पिता के चेहरे पर संतोष का भाव था, लेकिन आंखों में बिछुड़ने का गम साफ दिख रहा था।