विधानसभा चुनाव में मतदान की तिथि नजदीक आने के साथ ही शब्दों की मार तीखी होती जा रही है। शब्दों को नए-नए अर्थ मिल रहे हैं। मुद्दे और नीतियों की जगह व्यक्ति निशाने पर आ रहे हैं।
डिक्शनरी में ‘स्कैम’ का मतलब घपले-घोटाले के संदर्भ के सिवा शायद ही कुछ मिले, पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ रैली में ‘स्कैम’ शब्द की नई व्याख्या करते हुए सपा, कांग्रेस और बसपा व उसके नेताओं पर साझा वार किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और बसपा सुप्रीमो मायावती ने अपने-अपने हिसाब से इसका जवाब दिया। राहुल गांधी ने तो स्कैम का मतलब सेवा, साहस, योग्यता व विनम्रता भी बता दिया।
इसके बाद मोदी ने दूसरी रैली अलीगढ़ में की। यहां उन्होंने ‘विकास’ की व्याख्या ‘वि’ से विद्युत, ‘का’ से कानून-व्यवस्था और ‘स’ से सड़क के रूप में की।
केंद्र सरकार ने नोटबंदी के बाद डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने के लिए भारत इंटरफेस ऑफ मनी एप लॉन्च किया।
इस एप का न तो महाभारत कालीन भीम से कोई मतलब है और न ही सीधे तौर पर डॉ. भीमराव अंबेडकर से, पर प्रधानमंत्री मोदी ने ‘भारत इंटरफेस ऑफ मनी’ को संक्षिप्त रूप में डॉ. अंबेडकर के नाम पर ‘भीम’ रख दिया।
माहौल चुनावी था, लिहाजा बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस पर सवाल उठाने में बिल्कुल देर नहीं की। देश सरकार के वरिष्ठ मंत्री आजम खां प्रधानमंत्री मोदी को ‘बादशाह’ कहकर पहले से ही तंज कसते रहे हैं।