नेपाल से तस्करी कर हरिद्वार लेकर जा रहे प्रतिबंधित वन्य जीव उत्पाद के साथ एक तस्कर को पकड़ा गया है। सशस्त्र सीमा बल 42 वाहिनी की सीमा चौकी रूपईडीहा मे शनिवार सुबह लगभग 11 बजे चेक पोस्ट पर नियमित जांच के दौरान, एक नेपाली व्यक्ति को यारशा गुंबा (औषधीय प्रयोजनों के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला वन्य जीवन उत्पाद) के साथ पकड़ा गया है। जिसे उसने एक बैग में रखा था।
मौके पर पूछताछ करने पर, आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने जुमला जिला (नेपाल) से इसे खरीदा था और व्यावसायिक उद्देश्य के लिए हरिद्वार (भारत) में बेचने जा रहा था।
कमांडेंट, 42वी वाहिनी तपन दास ने बताया कि सीमाओं की सुरक्षा हेतु जवान नाका, गस्त एवं चेकिंग ड्यूटी कर रहे थे तभी यह करवाई की गई है। आरोपी को वन विभाग रूपईडीहा को सुपुर्द कर दिया गया है।