नीट यूजी की परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए राजधानी में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
परीक्षा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कुल 996 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। इनमें चार सहायक पुलिस आयुक्त, 205 दरोगा, 452 मुख्य आरक्षी और 335 महिला आरक्षी तैनात की गई हैं।
इसके अतिरिक्त गोपनीय सामग्री सुरक्षा ड्यूटी में 150 सशस्त्र पुलिस बल लगाए गए हैं। परीक्षा केंद्रों पर मेटल डिटेक्टर के साथ 150 कर्मचारियों की तैनाती की गई है। जेसीपी बबलू कुमार के मुताबिक परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर नोडल पुलिस अधिकारी, केंद्र प्रभारी पुलिस एवं कंट्रोल रूम प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। चेकिंग के लिए प्रत्येक 480 अभ्यर्थियों पर एक दरोगा, दो हेड कांस्टेबल और तीन तीन महिला कांस्टेबल तैनात किए गए हैं।
विज्ञापन
परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल फोन, आईटी गैजेट्स एवं अन्य प्रतिबंधित सामग्री पूरी तरह से प्रतिबंधित है। परीक्षा के दौरान शहर में सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष योजना लागू की गई है। सभी पुलिसकर्मी परीक्षा प्रारंभ होने से साढ़े चार घंटे पहले केंद्र पर उपस्थित रहेंगे।किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत उच्चाधिकारियों को दी जाएगी। अनुपस्थित कर्मियों के विरुद्ध कठोर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।