सपा नेता व पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर ने मंगलवार शाम दिल्ली स्थित केंद्रीय कार्यालय में भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसके पहले राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने मंगलवार को सदन को सूचित किया कि उन्होंने समाजवादी पार्टी के नेता नीरज शेखर का उच्च सदन की सदस्यता से इस्तीफा स्वीकार कर लिया है।
सदन की बैठक शुरू होने पर नायडू ने कहा कि जांच की और शेखर से बात भी की जिसमें पाया कि यह इस्तीफा नीरज ने स्वेच्छा से दिया है। पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद 15 जुलाई से उनका इस्तीफा स्वीकार कर लिया गया है। नीरज शेखर मंगलवार सुबह भाजपा नेता अनुराग ठाकुर से भी मिले थे।
आपको बता दें कि सपा के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर ने पार्टी और उच्च सदन की सदस्यता से सोमवार को इस्तीफा दे दिया था। नीरज शेखर सपा द्वारा बलिया से टिकट नहीं मिलने से नाराज थे। उन्होंने सोमवार दोपहर को राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू से मुलाकात कर अपना इस्तीफा सौंपा।