नौ में से सात प्रतियोगिताओं में नेवल एनसीसी कैडेटों ने मारी बाजी
इंटर ग्रुप प्रतियोगिता के विजेता किए गए सम्मानित
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। इंटर ग्रुप प्रतियोगिता में 3 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी के कैडेटों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। नौ में से सात प्रतियोगिताओं में पहला स्थान हासिल किया। इस उपलक्ष्य में सोमवार को एनसीसी ग्रुप मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित कर कैडेटों को अलंकृत किया गया।
मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने बताया कि गत जनवरी में अखिल भारतीय नौसैनिक शिविर में सर्विस सब्जेक्ट, ड्रिल, सैमाफोर, बोट पुलिंग एवं रिगिंग, तैराकी, सीमैनशिप प्रैक्टिकल तथा शिप मॉडलिंग के लिए कैडेटों को प्रशिक्षित किया गया था। इस गहन प्रशिक्षण का सकारात्मक परिणाम हाल ही में आयोजित इंटर ग्रुप प्रतियोगिता में देखने को मिला, जहां लखनऊ ग्रुप के नेवल कैडेटों ने नौ में से सात प्रतिस्पर्धाओं में प्रथम स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि के लिए एनसीसी ग्रुप मुख्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यालय के ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर पुनीत श्रीवास्तव ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी कैडेटों को सम्मानित किया और उनके अनुशासन, समर्पण तथा कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। उन्होंने कहाकि यह सफलता 3 यूपी नेवल यूनिट के अधिकारियों एवं प्रशिक्षण स्टाफ के समर्पित प्रयासों तथा कैडेटों के कठोर परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि न केवल यूनिट के लिए गर्व का विषय है, बल्कि सम्पूर्ण लखनऊ ग्रुप के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उप कमांडर, प्रशिक्षण अधिकारी और कमान अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। इन्होंने प्रतिभागी कैडेटों को सितम्बर माह में लोनावला में आयोजित होने वाले अखिल भारतीय नौसैनिक कैंप के लिए शुभकामनाएं दीं।
नौ में से सात प्रतियोगिताओं में नेवल एनसीसी कैडेटों ने मारी बाजी