माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। रोडवेज में आउटसोर्स पर तैनात परिचालक डिपो में कैश जमा करने जा रहे थे। उनसे परिचालक सहित तीन असामाजिक तत्वों ने मारपीट की और 3700 रुपये कैश छीन लिए। मामले की शिकायत पुलिस की गई तथा सोमवार को रोडवेज के प्रबंध निदेशक कार्यालय पहुंचे, लेकिन अफसरों से मुलाकात नहीं हो सकी।
मामला देवरिया डिपो का है। पीड़ित शोभित यादव ने बताया कि आउटसोर्सिंग पर देवरिया में परिचालक हैं। वह बस संख्या यूपी 52 बीटी 9767 चलाने के बाद डिपो में कैश जमा कर जा रहे थे। इसी बीच आरोप है कि मौके पर उपस्थित एक परिचालक व उसके साथियों ने मारपीट की। आरोप है कि वे सभी शराब भी पी रहे थे। उन्होंने टिकट मशीन तोड़ दी और 3700 रुपये भी छीन लिए। आनन-फानन उन्हें इलाज के लिए एम्बुलेन्स से अस्पताल भिजवाया गया। उन्होंने मामले की शिकायत देवरिया कोतवाली में भी दी है। साथ ही सोमवार को रोडवेज प्रबंध निदेशक कार्यालय गए, लेकिन अफसरों से मुलाकात नहीं हो सकी।