फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के प्रमुख सचिव सूचना सड़क हादसे में घायल, डॉक्टर बोले- खतरे से बाहर

Sat, 19 Nov 2016 05:44 PM IST
टीम डिजिटल/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
1 of 16
प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे उन्नाव के हसनगंज औरास में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब वे लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के पूर्वाभ्यास के बाद कार से लखनऊ लौट रहे थे।
विज्ञापन

2 of 16
हसनगंज के पास गलत दिशा से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उनकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सहगल की कार कई चक्कर घूम गई। दोनों कार के परखच्चे उड़ गए।
विज्ञापन

3 of 16
टक्कर की आवाज सुनकर पहुंचे राहगीरों और एलएंडटी के कर्मचारियों ने गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला। सहगल को एक अन्य राहगीर की स्कॉर्पियो से तत्काल लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।

4 of 16
हादसे में सहगल की कार के ड्राइवर राम शंकर पांडेय, उनके साथ बैठे पत्रकार मोहित दुबे भी घायल हो गए। वहीं, टक्कर मारने वाली कार को चला रहे फतेहगढ़ के प्रशांत ‌श्रीवास्तव व उसके भाई सुकांत को भी चोटें आई हैं।
विज्ञापन

5 of 16
केजीएमयू के कुलपति प्रो. रविकांत ने बताया कि ट्रॉमा सेंटर में भर्ती नवनीत सहगल का स्वास्‍थ्य स्थिर है। उनकी दाहिनी जांघ में कंपाउंड फ्रैक्चर, स्पाइन में चोट आई है।
विज्ञापन

6 of 16
माथे और नाक में चश्मा घुस जाने से घाव हो गया है। इसके अलावा चार पसलियां टूट गई हैं। उन्हें आईसीयू में रखा गया है। कुलपति ने कहा कि उन्हें एयर एंबुलेंस से शनिवार सुबह 8.30 बजे मेंदांता अस्पताल भेजा जाएगा।
विज्ञापन

7 of 16
प्रो. रविकांत ने बताया कि सहगल के ड्राइवर राम शंकर की स्थिति गंभीर है। कार की स्टेयरिंग सीने में घुस जाने से पसलियां टूटकर फेफड़ों में घुस गई हैं। दोनों पैरों में फ्रैक्चर भी है। उसे वेंटीलेटर भी रखा गया है।

8 of 16
कार में बैठे पत्रकार मोहित के हाथ व पैर में चोट आई है। जिस गाड़ी से एक्सीडेंट हुआ है, उसके चालक प्रशांत व सुकांत की हालत भी स्थिर है।

9 of 16
नवनीत सहगल का हालचाल लेने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शाम को ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। उन्होंने सहगल से बातचीत भी की। ड्राइवर के स्वास्‍थ्य की भी जानकारी ली। दोनों के परिवारीजनों को बेहतर स्वास्‍थ्य का भरोसा दिलाया।

10 of 16
धूल की वजह से हुआ हादसा
आईजी जोन ने बताया कि लखनऊ-आगरा एक्सप्रेस-वे पर कुछ छोटे-मोटे काम के लिए डायवर्जन बनाए गए हैं। डायवर्जन की वजह से कई जगहों पर वाहनों को उल्टी दिशा में चलना पड़ता है। कई वाहन एक साथ गुजरते हैं तो काफी धूल उड़ती है। पुलिस का मानना है कि धूल की वजह से आमने-सामने आ रही कारों के ड्राइवर एक-दूसरे को देख नहीं सके और हादसा हो गया। (नवनीत सहगल की पत्नी वंदना सहगल उन्हें देखते ही परेशान हो गईं। उनके परिजन बेहाल हो गए।)

11 of 16
घटनास्थल से केजीएमयू तक बनाया ग्रीन चैनल
प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल के हादसे में गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी मिलते ही आईजी जोन लखनऊ ए. सतीश गणेश ने तत्काल घटनास्थल से केजीएमयू तक ग्रीन चैनल बनवाने के निर्देश दिए। हादसे के वक्त आईजी और कमिश्नर भी सहगल के साथ ही थे। उनकी फ्लीट कुछ आगे निकल गई थी। (हादसे की सूचना मिलते ही ट्रॉमा पहुंचे अधिकारी।)

12 of 16
हादसे की सूचना मिलते ही आईजी और कमिश्नर घटनास्थल की तरफ चल दिए। इसी बीच सूचना मिली कि एक सफेद स्कॉर्पियो कार से नवनीत सहगल को लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा है। आईजी और कमिश्नर रास्ते में ही थे कि सफेद स्कॉर्पियो लखनऊ की तरफ जाती हुई दिखी। तत्काल फ्लीट मोड़कर दोनों अधिकारी उसके पीछे चल दिए।

13 of 16
इस बीच आईजी ने यूपी 100 सेवा की बैठक में मौजूद डीआईजी लखनऊ रेंज प्रवीण कुमार को फोन कर तत्काल ट्रॉमा सेंटर पहुंचने और एएसपी ट्रैफिक हबीबुल हसन को ग्रीन चैनल बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्यमंत्री कार्यालय से संपर्क कर एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी करा ली थी। हबीबुल हसन ने बंथरा से केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर तक ग्रीन चैनल बनवाया। (ट्रॉमा पहुंचे मुख्य सचिव राहुल भटनागर)

14 of 16
दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे ट्रॉमा सेंटर पर अलर्ट जारी कर दिया गया। सभी चिकित्सकों को तैयार रहने के निर्देश दिए गए। डीआईजी ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर सीनियर डॉक्टरों को जुटाने के साथ ही उपचार के सारे इंतजाम सुनिश्चित कराए। लगभग सवा चार बजे नवनीत सहगल सहित अन्य घायल ट्रॉमा सेंटर पहुंचे।

15 of 16
लखनऊ के डीएम सत्येंद्र कुमार सिंह के अलावा उन्नाव के डीएम और एसपी नेहा पांडेय व सूचना विभाग के अधिकारी भी अस्पताल आ गए। मुख्यमंत्री के सलाहकार आलोक रंजन सहित मंत्री रविदास मेहरोत्रा व अन्य विधायक-मंत्री भी सहगल का हालचाल लेने पहुंचे। ट्रॉमा सेंटर के बाहर ट्रैफिक और भीतर भीड़ को काबू करने के लिए एएसपी पश्चिम जयप्रकाश और एएसपी ट्रैफिक हबीबुल हसन के अलावा चौक, ठाकुरगंज, हसनगंज सहित 15 थानों की फोर्स बुलवा ली गई थी। (दुर्घटनास्‍‌थल का एक दृश्य।)
विज्ञापन

16 of 16
बाराबंकी का प्रदीप बना मददगार
नवनीत सहगल की कार के पीछे आ रहे मीडियाकर्मियों ने तत्काल हादसे की सूचना अधिकारियों को दी। सहगल और उनका ड्राइवर व पत्रकार मोहित दुबे खून से लथपथ कार में बुरी तरह फंसे हुए थे। एक्सप्रेस-वे पर मौजूद एल एंड टी के कर्मचारियों और सुरक्षाकर्मियों ने तीनों को कार से बाहर निकाला। इसी बीच स्थानीय मीडियाकर्मियों ने वहां से गुजर रही सफेद रंग की स्कॉर्पियो कार रुकवा ली। बाराबंकी निवासी चालक प्रदीप ने स्कॉर्पियो में बैठे लोगों को उतारकर घायलों को बैठा लिया और तत्काल सबको लेकर लखनऊ चल पड़ा। उसकी तत्परता से ही सहगल व अन्य घायलों को समय रहते बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सकी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें