रायबरेली। नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते सहारनपुर से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस शुक्रवार को रायबरेली आएगी, लेकिन आगे नहीं जाएगी। यह ट्रेन यहीं रोक ली जाएगी। वहीं शाम को रायबरेली से ही सहारनपुर वापस भेज दी जाएगी। इसी तरह गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत शुक्रवार को नहीं आएगी, क्योंकि इसे लखनऊ में ही रोक लिया जाएगा और वहीं से वापस भेज दिया जाएगा। इंटरसिटी और गंगा गोमती एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
फाफामऊ-जंघई रेलखंड में दोहरीकरण की वजह से पांच स्टेशनों पर नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य चल रहा है। इससे कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। प्रयागराज-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस एवं लखनऊ-प्रयागराज इंटरसिटी एक्सप्रेस 3 और 4 जनवरी को निरस्त रहेगी। लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस बृहस्पतिवार को निरस्त होने के कारण नहीं आई। इसी कारण शुक्रवार को प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा गोमती एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाली वंदेभारत तीन जनवरी को लखनऊ तक ही चलेगी। इसीलिए यह ट्रेन रायबरेली नहीं आएगी। शाम को लखनऊ से ही गोरखपुर लौट जाएगी। सहारनपुर से चलने वाली नौचंदी एक्सप्रेस शुक्रवार को प्रयागराज जाने के बजाए रायबरेली में ही रोक ली जाएगी, जो पूरा दिन यही रुकी रहने के बाद रात में सहारनपुर लौटेगी। शनिवार को नौचंदी एक्सप्रेस रायबरेली में रोकी जाएगी और यहीं से वापस सहारनपुर भेज दिया जाएगा।
स्पेशल ट्रेन हो रही तैयार
रायबरेली। महाकुंभ पर चलने वाली स्पेशल ट्रेन की एक रैक बृहस्पतिवार को फिटनेस के लिए रायबरेली स्टेशन पहुंची। इसमें 22 कोच शामिल हैं। इस स्पेशल ट्रेन का परीक्षण कराया जा रहा है। जैसे ही फिटनेस मिल जाएगा, इसे रवाना कर दिया जाएगा। यह माना जा रहा है कि महाकुंभ के दौरान चलने वाली स्पेशल ट्रेनों को इसी तरह आगे भी रायबरेली भेजा जाएगा, ताकि उनका परीक्षण करने के साथ रखरखाव किया जा सके। वजह यह कि प्रयागराज और उसके आसपास के सभी स्टेशनों पर काफी ज्यादा दबाव रहेगा। स्टेशन अधीक्षक रवि रंजन ने बताया कि लखनऊ से महाकुंभ स्पेशल की एक रैक फिटनेस के लिए आई है। इसे किस रूट पर चलाया जाए, यह नहीं बताया गया है। (संवाद)