भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी भदोही की जनसभा में चुनाव आयोग पर बरस पड़े।
उन्होंने आयोग को धमकी देने के अंदाज में कहा कि बूथ कैप्चरिंग को लेकर पहले से ही जानकारी थी, लेकिन आयोग ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
मोदी का कहना था कि यूपी और बिहार में कई जगह बूथ कैप्चरिंग हुईं हैं। उन्होंने कहा, उनकी आयोग से यह मांग है कि इस पर कार्रवाई करे।
मोदी ने कहा कि अगर आयोग उनके इस भाषण के लिए एफआईआर भी दर्ज करता है तो कोई गम नहीं क्योंकि उनके पास खोने के लिए कुछ नहीं और वह दोबारा चाय बेच सकते हैं।
'राहुल गरीबों के घर वार्षिकोत्सव मनाने जाते हैं'
नरेंद्र मोदी ने यूपीए सरकार भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यूपीए सरकार ने जानबूझकर अनाज को सड़ने दिया और बाद में उस अनाज को श्ाराब माफियाओं को बेच दिया।
मोदी ने कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला करते हुए कहा कि वह साल में एक बार गरीबों के घर खाना खाने, फोटो खिंचवाने जाते हैं, ऐसा लगता है मानो वार्षिकोत्सव मनाने गए हों।
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार मोदी ने कहा कि कांग्रेस गरीबी का मखौल उड़ाती है।
'प्रदेश को लूट रही है सपा सरकार'
मोदी ने प्रदेश की सपा सरकार को भी निशाने पर लिया। मोदी ने कहा कि बाप-बेटे की सरकार मिलकर प्रदेश को लूट रही है।
मोदी ने कहा, ये दोनों यूपी को लूट रहे हैं। मोदी ने कहा कि अगर केंद्र में भाजपा की सरकार बनती है तो भदोही में कालीन को बढ़ावा देने के लिए सेंटर खोला जाएगा।
मोदी ने एक बार फिर दोहराया कि उनके राज में दागी नेताओं को जेल जाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जो भी नेता दागी पाए जाएंगे, उनकी संसद सदस्यता खत्म कर दी जाएगी।
खजाने से कब्रिस्तान की सुरक्षा हुई तो दंगे होंगे।
नरेंद्र मोदी जनसभा में पहुंच चुके हैं, समर्थक जोर-जोर से मोदी-मोदी का नारा लगा रहे हैं।
इससे पहले भदोही लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी विरेंद्र मस्त ने भाजपा को जोड़ते हुए ऐलान किया कि अगर केंद्र में मोदी सरकार आती है, तो मछुवारों को आरक्षण का लाभ मिलेगा।
ध्यान रहे कि भदोही मछुवारा बहुल क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि अगर मोदी पीएम बने तो कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक एक कानून बनेगा। उन्होंने कहा, अगर सरकारी खजाने से कब्रिस्तान की सुरक्षा हुई तो दंगे होंगे।
श्री विरेंद्र ने अखिलेश सरकार पर भी निशाना साधा। कहा, सीएम मुस्लिम लड़कियों को वजीफा देते हैं, हिंदू लड़कियों को क्यों नहीं?
लाखों की जुटी भीड़
भाजपा के पीएम पद के उम्मीदवार नरेंद्र मोदी की भदोही में होने वाली जनसभा में काफी भीड़ उमड़ी है। जनसभा बस शुरू ही होने वाली है।
मोदी की जनसभा जिले के चकपरौना कवलपुर गोपीगंज में होगी। शुरुआती समय में वहां करीब 5 हजार के आसपास भीड़ थी लेकिन बाद में यह संख्या एक लाख के आसपास पहुंच गई।
जनसभा में मोदी के प्रशंसक जोर-जोर से नारे लगा रहे हैं। भाजपा के उम्मीदवार वीरेंद्र भी मौजूद हैं।
भदोही के अलावा नरेंद्र मोदी की इलाहाबाद में भी रविवार को रैली होनी है।