सीएम योगी ने 'नमो मैराथन' को दिखाई हरी झंडी।
- फोटो : अमर उजाला
'भारत को विकसित राष्ट्र बनाना लक्ष्य...'
इस मौके पर सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री का विश्वास है कि अगर महिलाएं स्वस्थ होंगी, तो युवा भी स्वस्थ होंगे। इसके तहत रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया है। देशभर के युवा इसमें भाग ले रहे हैं। पीएम मोदी ने संकल्प लिया था कि 'भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाना हमारा लक्ष्य और मार्गदर्शक सिद्धांत होना चाहिए'।
सीएम योगी ने विरासत और सशस्त्र बलों का सम्मान करने और नागरिक कर्तव्यों को ईमानदारी से निभाने के महत्व पर जोर दिया। भारत को विकसित बनाने की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता जताई। साथ ही आत्मनिर्भरता के लिए स्वास्थ्य के महत्व पर जोर दिया।
'नमो मैराथन' कार्यक्रम में युवाओं के साथ सीएम योगी।
- फोटो : अमर उजाला
स्वास्थ्य जागरुकता को बढ़ावा देने की पहल
मुख्यमंत्री ने कहा कि 'हर व्यक्ति अपने-अपने क्षेत्र में योगदान देने के लिए उत्सुक है। हमें अपने गांव और क्षेत्र के विकास के लिए काम करना चाहिए। आत्मनिर्भरता का आधार अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखना है। 21 जून को विश्व योग दिवस के रूप में मनाया जाता है। खेलो इंडिया और फिट इंडिया मूवमेंट खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्वास्थ्य जागरुकता को बढ़ावा देने की पहल की गई है।
सीएम ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में 'नमो मैराथन' के महत्व पर जोर दिया। साथ ही नशीली दवाओं के दुरुपयोग के खतरों के प्रति आगाह किया। कहा कि आज युवा नमो युवा दौड़ में भाग ले रहे हैं। जब वे स्वास्थ्य कार्यक्रमों में शामिल होते हैं, तो देश आगे बढ़ता है। लेकिन, यदि वे नशे की गिरफ्त में आ जाते हैं, तो यह विनाश का कारण बनता है।