लखनऊ। लखनऊ से कानपुर के बीच जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से युक्त नमो भारत ट्रेन दौड़ती नजर आ सकती है। कानपुर रूट के अतिरिक्त मेरठ-सहारनपुर रेलखंड पर भी नमो भारत को उतारा जा सकता है। नमो भारत 12 कोच की वातानुकूलित ट्रेन होगी जिसमें मेट्रो की तर्ज पर आमने-सामने बैठने की व्यवस्था होगी।
देशभर में 50 नमो भारत, 100 मेमू व 50 अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनें पटरी पर उतरने के लिए तैयार हैं। नई ट्रेनें किन रूटों पर चलेंगी, इस बारे में अफसर अभी कुछ भी बोलने से बच रहे हैं। हालांकि, इसमें लखनऊ-कानपुर और मेरठ-सहारनपुर रेलखंड पर नमो भारत ट्रेनों को उतारने की संभावना सबसे ज्यादा है।
हाल ही में रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करके ये जानकारी दी थी कि रेलवे को 50 नई नमो भारत, 100 नई मेमू और 50 नई अमृत भारत ट्रेनों का तोहफा दिया जा रहा है। फरवरी में रेलमंत्री ने यूपी को दिए बजट के दौरान कहा था कि कई नई रेल परियोजनाएं जल्दी ही ट्रैक पर होंगी। लखनऊ-कानपुर व मेरठ-सहारनपुर के बीच नमो भारत ट्रेन के अलावा ट्रैक को कवच तकनीकी से युक्त करने की भी योजना है। रेलमंत्री ने हाल ही में नमो भारत, मेमू और अमृत भारत के मॉडल का वीडियो भी पोस्ट किया था। अब ये तय हो गया है कि कई रूटों पर इन सेमी हाईस्पीड ट्रेनों को चलाया जाएगा। रेलवे अधिकारी बताते हैं कि छोटी दूरी के सफर के लिए उन्नत ट्रेनों को पटरी पर उतारने की तैयारी हो चुकी है। इसके तहत ही 50 नई नमो भारत ट्रेनें तैयार हैं। नमो भारत वातानुकूलित आटोमैटिक ट्रेनसेट है। इसे वंदे भारत एक्सप्रेस के प्लेटफॉर्म पर बनाया गया है जो 160 किमी प्रति घंटे की सेमी हाईस्पीड पर चल सकेंगी। नमो भारत ट्रेनें भारतीय रेलवे नेटवर्क पर मेनलाइन ईएमयू की जगह ले सकती हैं। इनमें मेट्रो सेवाओं के समान बैठने और खड़े होने की व्यवस्था होगी। 12 कोच वाली ट्रेन में 1,150 यात्री बैठकर और 2,058 खड़े होकर यात्रा कर सकेंगे।