दो जानवरों की लड़ाई की चपेट में आयी नैनीताल एक्सप्रेस सोमवार को बड़े हादसे का शिकार होने से बच गयी।
जानवरों के नैनीताल एक्सप्रेस के इंजन में फंसने के बाद उसके आगे की एक बोगी पटरी से उतर गई। जिस समय हादसा हुआ उस समय ट्रेन डालीगंज स्टेशन से गुजर रही थी।
नैनीताल एक्सप्रेस सोमवार रात करीब 9:15 बजे ऐशबाग से बरेली की ओर जा रही थी। ट्रेन जैसे ही डालीगंज रेलवे स्टेशन के करीब पहुंची यहां एक भैंस और एक गाय लड़ते हुए इंजन के सामने आ गए।
नैनीताल एक्सप्रेस के ड्राइवर ने इमरजेंसी ब्रेक लगाने की कोशिश की लेकिन तब तक दोनो जानवर इंजन की टक्कर के बाद उसमें फंस गए।
दोनो जानवरों के फंसते ही इंजन का पहिया तो उन पर से निकल गया लेकिन उसके ठीक पीछे वाली एसएलआर बोगी का पहिया फंस गया। पहिया फंसने के कारण इसकी एसएलआर बोगी पटरी से उतर गई।
इस हादसे में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है। उधर सूचना पाकर सीनियर डीओएम स्वदेश सिंह सहित कई अधिकारी मौके पर पहुंच गए। देर रात तक ट्रेन संचालन ठप था। बोगी को अलग करने का काम चल रहा था।