-एलडीए टीम ने बीकेटी तहसील में राजस्व अधिकारियों संग की बैठक
-योजना का साइट ऑफिस बनाने के लिए जमीन होगी चिन्हित
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। एलडीए सीतापुर रोड पर नैमिषनगर विकसित करेगा। इस दिशा में शनिवार से काम शुरू किया गया। बीकेटी तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस के बाद राजस्व अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की गई। इसमें योजना के लिए भूमि जुटाने के सम्बंध में किसानों के बीच जाकर अफसर उन्हें जागरूक करेंगे।
एलडीए की ओर से बैठक की अध्यक्षता संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह ने की। उन्होंने बताया कि बीकेटी में सीतापुर, रैथा रोड पर लगभग 2504 एकड़ क्षेत्रफल में नैमिषनगर विकसित किया जाएगा। इसके लिए बीकेटी तहसील के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा व सैदापुर की भूमि चिन्हित की गई है। योजना में दो लाख से अधिक लोगों को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा। इन योजनाओं से राजधानी में निवेश आएगा और रोजगार के अवसर सृजित होंगे। मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण योजना के अंतर्गत नैमिष नगर के प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा रहा है। किसानों के साथ सीधा संवाद किया जाएगा। इसके लिए प्राधिकरण की टीम के साथ राजस्व कर्मियों को भी फील्ड में उतारा जाएगा। किसानों को भूमि जुटाव के विकल्पों व इससे होने वाले नियोजित विकास के फायदों की जानकारी देनी होगी। संयुक्त सचिव ने बताया कि किसानों को भूमि का मुआवजा डीएम सर्किल रेट की बढ़ी हुई दरों के तहत दिया जाएगा, जोकि ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट का चार गुना व शहरी क्षेत्र में दोगुना होगा। इसके अलावा किसानों से आपसी सहमति व लैंड पूलिंग नीति के आधार पर भी भूमि जुटाव का विकल्प रहेगा। नैमिष नगर विकसित होने से किसानों व उनके परिवारों को सीधा लाभ होगा। प्राधिकरण की ओर से योजना के साथ ही उसमें आ रहे गांवों में भी विकास कार्य कराए जाएंगे। गांव के संपर्क मार्ग, जल निकासी, खेल मैदान, बारात घर, स्वास्थ्य केन्द्र, तालाब, कब्रिस्तान, स्कूल, पार्क व श्मशान आदि को सुदृढ़ किया जाएगा। संयुक्त सचिव ने बताया कि योजना के लिए साइट ऑफिस बनाया जाना है। इसके लिए राजस्व टीम की मदद से जल्द ही स्थान चिन्हित कर निर्माण शुरू कराया जाएगा।
सीतापुर रोड पर 2504 एकड़ में बनेगा नैमिषनगर
सीतापुर रोड पर 2504 एकड़ में बनेगा नैमिषनगर