लॉकडाउन के चलते पटरी दुकानदारों, रिक्शा-तांगा चालकों के सामने रोटी का संकट हो गया है। इसे देखते हुए नगर निगम से उन लोगों को आर्थिक मदद दी जानी है जो नगर निगम में पटरी दुकानदार या रिक्शा-तांगा, ठेला चालक के तौर पर पंजीकृत हैं।
आर्थिक मदद के लिए नगर निगम इनसे बैंक खाते का विवरण और आधार कार्ड की जानकारी ले रहा है। यह काम कई दिनों से चल रहा है। अब लॉकडाउन में भीड़ से बचने के लिए इन लोगों से व्हाट्सएप और ईमेल के जरिये बैंक खाता नंबर, आईएफएससी कोड और आधार नंबर नंबर की जानकारी मांगी गई है।
इसे लेकर नगर निगम ने हर जोन के कर्मचारियों के नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी जारी की है। इसके बाद भी यदि कोई व्यक्ति नगर निगम के आफिसों में जमा करने जाएगा और भीड़ लगाएगा तो उसे लॉकडाउन का उल्लंघन माना जाएगा।