राजधानी लखनऊ में बकाया गृहकर जमा न करने पर नगर निगम ने बृहस्पतिवार सुबह लोक निर्माण विभाग मुख्यालय में इंजीनियर्स संघ भवन को सील करने की कार्रवाई की, मगर कुछ घंटे बाद ही उसे तोड़ दिया गया। इस पर नगर निगम के जोनल अधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से आपत्ति जताते हुए एफआईआर दर्ज कराने की चेतावनी दी, जिसके बाद लोक निर्माण विभाग ने कहा कि ऐसी कार्रवाई न की जाए, बकाया हाउस टैक्स दो से तीन दिन में जमा कर दिया जाएगा।
नगर निगम के जोनल अधिकारी राजेश वर्मा ने बताया कि लोक निर्माण विभाग पर दो करोड़ रुपये गृहकर बकाया है। जिसकी वसूली को लेकर बिल और नोटिस भेजने के साथ ही लगातार प्रयास भी किया जा रहा था। उसके बाद जब टैक्स जमा नहीं हुआ तो बृहस्पतिवार सुबह टीम ने विभाग के इंजीनियर्स संघ भवन को सील कर दिया। बाद में जानकारी मिली कि पीडब्लूडी के कर्मचारियों ने सील तोड़ दी।
इस पर पीडब्लूडी के जिम्मेदार अधिकारियों से आपत्ति जताई गई और कहा गया कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी तो उन्होंने कहा कि ऐसा न किया जाए। दो से तीन दिन में बकाया टैक्स जमा कर दिया जाएगा। अभी एफआईआर नहीं दर्ज कराई गई है, लेकिन प्रमुख अभियंता को सील तोड़े जाने को लेकर पत्र भेजा जा रहा है। यदि तीन दिन में पैसा नहीं जमा होगा तो फिर सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।