पशु कल्याण और शहरी सुरक्षा में नगर विकास विभाग की सशक्त पहल
आवारा श्वानों पर नियंत्रण और पालतू कुत्तों के लिए लाइसेंसिंग की पहल
माई सिटी रिपोर्टर
लखनऊ। नगर विकास विभाग की ओर से 17 नगर निगमों में संचालित पशु जन्म नियंत्रण(एबीसी) और रेबीज रोधी टीकाकरण कार्यक्रमों को लेकर शुक्रवार को बैठक हुई। इसमें बताया गया कि इस वर्ष 5,333 पालतू कुत्तों के लाइसेंस जारी किए हैं।
एबीसी कार्यक्रम के तहत अब तक 2,84,641 आवारा श्वानो का बधियाकर और रेबीज के खिलाफ टीकाकरण किया गया है। इसमें 2023-24 में 1,25,893 और 2024-25 में 1,19,197 बधियाकरण तथा वर्ष 2025 में अभी तक 39270 श्वानों का बधियाकरण किया गया हैं। विभाग की ओर से सभी नगर निगमों के अंतर्गत प्रत्येक 3,273 लाख रुपये की लगत से 17 स्थायी एबीसी केंद्र स्थापित किए गए हैं। लखनऊ और गाजियाबाद के लिए दो अतिरिक्त केंद्र भी स्वीकृत किए गए हैं। नगर विकास विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने विभाग के प्रयासों को सराहा। कहाकि पशु जन्म नियंत्रण, रेबीज रोधी टीकाकरण और पालतू श्वानों के लाइसेंसिंग कार्यक्रमों के जरिए पशु प्रबंधन को बढ़ावा मिला है। कुत्तों के काटने की रोकथाम के लिए विभाग जन जागरूकता अभियान चला रहा है। नागरिकों से आग्रह है कि वे आक्रामक या अस्वस्थ कुत्तों की सूचना स्थानीय प्राधिकरणों या समर्पित हेल्पलाइन 1533 पर दें।